रविवार 22 नवंबर 2026 - 15:12
आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी (र) मारफ़ते इलाही, मोहब्बते ख़ुदा और उसकी बारगाह से आत्मिक लगाव का सजीव उदाहरण थे: हुज्जतुल इस्लाम अंसारियान

हौज़ा इल्मिया के एक वरिष्ठ शिक्षक ने कहा कि आयतुल्लाहिल उज़्मा हुसैन वहीद खुरासानी (रह.) अपनी पूरी जिंदगी में मारफ़ते इलाही, मोहब्बते खुदा और उसकी बारगाह से आत्मिक लगाव और आत्मशुद्धि का व्यावहारिक नमूना थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन पवित्र कुरआन और अहलेबैत (अ.) की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार में समर्पित कर दिया था।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन हाज शेख हुसैन अंसारियान ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 की शाम क़ुम की मस्जिदे आज़म में आयोजित शोकसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आयतुल्लाहिल उज़्मा हुसैन वहीद खुरासानी (र) मारफ़ते इलाही, मोहब्बते खुदा और उसकी बारगाह से आत्मिक निकटता का सजीव उदाहरण थे। इस शोकसभा का आयोजन मरहूम मरजए तक़लीद के कार्यालय की ओर से किया गया था।

अपने संबोधन में उन्होंने सृष्टि व्यवस्था में इंसान के उच्च स्थान और उसके भीतर मौजूद आध्यात्मिक क्षमताओं की व्याख्या करते हुए कहा कि अल्लाह तआला ने पवित्र कुरआन में इंसान के लिए चार बुनियादी स्थान और विशेषताएं बयान की हैं, जिनमें खिलाफते इलाही, मारफ़ते इलाही, मार्गदर्शन और सम्मान एवं प्रतिष्ठा शामिल हैं।

शोकसभा के वक्ता ने आगे कहा कि नमाज और रोजे जैसी बाहरी इबादतों के साथ दिल से जुड़ी इबादतें, जैसे अल्लाह का ज़िक्र, उसकी ओर ध्यान, इखलास और आत्मिक निगरानी भी इंसान के अस्तित्व को पवित्र बनाने तथा मारफ़ते इलाही और उससे प्रेम प्राप्त करने के महत्वपूर्ण साधन हैं।

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन अंसारियान ने आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी (र) के साथ अपने लगभग 70 वर्षों के संबंध और निकट परिचय का उल्लेख करते हुए कहा कि मेरा इस महान मरजए तक़लीद के साथ करीब 70 वर्षों का संबंध रहा है। जब मैं छठी कक्षा का विद्यार्थी था, तब उनके मिंबर के सामने बैठा करता था। बाद में हौज़ा इल्मिया में प्रवेश लेने और उच्च स्तरीय शोधपरक अध्ययन (दर्से ख़ारिज) तक पहुंचने के बाद, जब वे क़ुम आए और मदरसा-ए-खान में फिक्ह और उसूल की शिक्षा देने लगे, तो मुझे भी उनके इल्मी सानिध्य में बैठकर ज्ञान प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।

उन्होंने आगे कहा कि हालांकि मैं स्वयं को इस योग्य नहीं समझता, लेकिन कई वर्षों तक इस महान और आत्मशुद्धि प्राप्त व्यक्तित्व से फिक्ह और उसूल का ज्ञान हासिल करता रहा। इन वर्षों में मुझे उनके इल्मी, नैतिक और आध्यात्मिक व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला।

हौज़ा इल्मिया के इस शिक्षक ने अहलेबैत (अ.) की मजलिसों में आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी (रह.) की नियमित भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि तेहरान में प्रत्येक सोमवार को एक मजलिसे अज़ा आयोजित होती थी, जिसमें लगभग 10 से 15 लोग शामिल होते थे। जब भी आयतुल्लाह वहां मौजूद होते, वे इस मजलिस में अवश्य शरीक होते और अहलेबैत (अ.) के दुख-दर्द और उनके मसाएब सुनने तथा उन पर आंसू बहाने के लिए पहुंचते थे।

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन अंसारियान ने कहा कि इस महान व्यक्तित्व का अस्तित्व मारफ़ते इलाही, उससे प्रेम, उसकी बारगाह से आत्मिक लगाव, हृदय की पवित्रता, नफ्सानी इच्छाओं से दूरी और सांसारिक मोह-माया से विरक्ति के लिए एक उज्ज्वल उदाहरण था। जिन लोगों के पास गहरी अंतर्दृष्टि और सच्चाई को पहचानने वाली दृष्टि थी, वे उनके व्यक्तित्व में इन आध्यात्मिक गुणों की झलक स्पष्ट रूप से देख सकते थे।

उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी (र) के आध्यात्मिक व्यक्तित्व के बारे में उनके विचार लंबे समय के व्यक्तिगत अनुभव और संबंधों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि मैं ये बातें सुनी-सुनाई बातों के आधार पर नहीं कह रहा हूं, बल्कि कई दशकों के दौरान मैंने स्वयं उनके जीवन और आचरण में इन गुणों को देखा है।

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन अंसारियान ने सूरह अल-अहज़ाब की आयत 39 का हवाला देते हुए कहा: الَّذِینَ یُبَلِّغُونَ رِسَالَاتِ اللَّهِ وَ یَخْشَوْنَهُ وَ لَا یَخْشَوْنَ أَحَدًا إِلَّا اللَّهَ “वे लोग जो अल्लाह के संदेश पहुंचाते हैं, उसी से डरते हैं और अल्लाह के सिवा किसी से नहीं डरते।”

उन्होंने कहा कि अल्लाह के नेक बंदों की एक विशेषता यह होती है कि वे उसके संदेशों को लोगों तक पहुंचाते हैं और दीन के प्रचार-प्रसार के मार्ग में अल्लाह के अलावा किसी से भयभीत नहीं होते। आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी (रह.) ने भी कई दशकों तक इसी भावना के साथ ईश्वरीय शिक्षाओं का प्रचार किया। उनके भाषण हमेशा कुरआन, इस्लाम और अहलेबैत (अ.) की शिक्षाओं की व्याख्या और प्रसार के लिए समर्पित रहे।

हौज़ा इल्मिया के शिक्षक ने आगे कहा कि आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी (र) उन विशिष्ट हस्तियों में से थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन ईश्वर की पहचान, उससे प्रेम, इबादत और दीन की सेवा में गुजारा। उनके जैसी महान हस्तियां ईश्वर की पहचान, आत्मशुद्धि, अपनी ज़बान और पेट की हिफाजत, चिंतन तथा ईश्वरीय शिक्षाओं के प्रचार के माध्यम से व्यावहारिक रूप से इंसान को उसके आध्यात्मिक उत्कर्ष का रास्ता दिखाती हैं। उनका जीवन धार्मिक समाज के लिए एक स्थायी आदर्श है।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha